भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दिल्ली में ओमफेड और कोरापुट कॉफी कैफे का उद्घाटन किया। पांच दिवसीय दौरे पर राष्ट्रीय राजधानी गए माझी ने बुधवार को ओडिशा निवास में ओमफेड और कोरापुट कैफे का उद्घाटन किया। माझी ने कहा, दिल्ली में उडय़िा समुदाय अब ओमफेड (ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ) के उत्पादों का स्वाद ले सकेगा। इन उत्पादों के स्वाद से उन्हें अपने राज्य से जुड़ाव का एहसास होगा।  मुख्यमंत्री ने बताया कि कैफे में पनीर, मक्खन, घी, रबड़ी, लस्सी, फ्लेवर वाला दूध और दही जैसे उत्पाद उपलब्ध रहेंगे।   उन्होंने कहा कि जगन्नाथ मंदिर में ओमफेड का घी इस्तेमाल होता है और यह अपनी गुणवत्ता, शुद्धता और स्वाद के लिए जाना जाता है। माझी ने कहा कि ओमफेड पिछले 45 वर्षों से ओडिशा के डेयरी किसानों के विकास के लिए काम कर रहा है और लाखों दुग्ध उत्पादक इससे जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त हुए हैं।   उन्होंने बताया कि राज्य के आर्थिक विकास में ओमफेड की अहम भूमिका है। कोरापुट कॉफी कैफे का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि यह घरेलू ब्रांड अपनी सुगंध और अनूठे स्वाद की वजह से वैश्विक पहचान हासिल कर चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा, कोरापुट कॉफी सिर्फ एक पेय पदार्थ नहीं, बल्कि यह ओडिशा के आदिवासी किसानों की मेहनत और प्रकृति से उनके जुड़ाव की कहानी है।