कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार 2016 की एसएससी परीक्षा के दागी शिक्षकों को ग्रुप सी और डी के पदों पर नियुक्त करने के लिए कानूनी विकल्प तलाश रही है। यहां शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने 2016 की स्कूल शिक्षक भर्ती परीक्षा के बेदाग उम्मीदवारों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। बनर्जी ने कहा, मैं ग्रुप सी और डी के पदों पर दागी शिक्षकों की नियुक्ति के विकल्पों पर कानूनी विशेषज्ञों से परामर्श कर रही हूं। जो लोग वर्षों से पढ़ा रहे हैं लेकिन अयोग्य चिह्नित किए गए हैं उनके लिए मैं कानूनी समाधान खोजने की कोशिश कर रही हूं संभव है कि उन्हें ग्रुप सी और डी के पदों पर भर्ती किया जा सके। उन्होंने कहा, हम चीजों को राजनीतिक चश्मे से नहीं, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण से देखते हैं।
