जम्मू । स्थानीय लोगों और फंसे हुए यात्रियों की आवाजाही के लिए शुरू की गई जम्मू-कटरा शटल ट्रेन सेवा बाढ़ और भूस्खलन के कारण बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी स्थगित रही। भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से जम्मू-उधमपुर खंड में रामनगर और मनवाल के बीच रेल की पटरी पर सुरंग संख्या 16 का प्रवेश द्वार अवरुद्ध हो गया। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा, भारी बारिश और भूस्खलन के कारण रेलवे ने आज शटल ट्रेन सेवा (जम्मू और कटरा के बीच) रद्द करने का फैसला किया है। कटरा और जम्मू के बीच चार रेलगाडय़िों के साथ शटल सेवाएं एक सितंबर को शुरू हुई थीं और 15 सितंबर तक चलने वाली थीं। जम्मू में 26 अगस्त को भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के बाद पठानकोट-जम्मू खंड में कई स्थानों पर रेल लाइन के गलत संरेखण और टूटने के कारण जम्मू रेलवे मंडल में पिछले नौ दिनों से रेल यातायात स्थगित है। हालांकि, रेलवे पिछले चार दिनों से जम्मू में फंसे यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष रेलगाडय़िां चला रहा है। फंसे हुए कुल 5,784 यात्रियों को जम्मू से सात ट्रेनों में आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया है। जम्मू क्षेत्र में 26 अगस्त से हो रही भारी बारिश के कारण रेल और सड़क यातायात बुरी तरह बाधित होने से बड़ी संख्या में लोग, खासकर तीर्थयात्री फंसे हुए हैं।कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर के पास हुए भूस्खलन में 34 लोगों की मौत हो गई थी।
