श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कुलगाम जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए दो जवानों को मंगलवार को पुष्पांजलि अर्पित की। सूबेदार प्रभात गौड़ और लांस नायक नरेंद्र सिंधु सोमवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर कहा, मुख्यमंत्री ने कुलगाम में शहीद हुए दो बहादुर सैनिकों को आज श्रद्धांजलि अर्पित की।
उनके अनुकरणीय साहस, अनुपम शौर्य और सर्वाेच्च बलिदान को सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा। सुरक्षा बलों ने सोमवार को कुलगाम के गुडार वन क्षेत्र में तलाश अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि तलाश अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया और उसमें दो आतंकवादी मारे गए, जिनमें से एक पाकिस्तानी नागरिक बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में सेना का एक मेजर घायल हो गया।
