पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि उनकी सरकार ने बाढग़्रस्त पंजाब और छत्तीसगढ़ को राहत सामग्री भेजी है तथा प्रत्एक राज्य को पांच-पांच करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता भी प्रदान की है। मुख्यमंत्री सावंत ने सोमवार शाम को पणजी के निकट पोरवोरिम स्थित सचिवालय से कपड़े, खाद्यान्न और अन्य दैनिक जरूरत की वस्तुओं से भरे दो ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सावंत ने कहा कि गोवा सरकार ने दोनों राज्यों को राहत सामग्री भेज दी है क्योंकि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को संकट की इस घड़ी में सहायता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा गोवा सरकार ने अपने कोष से पंजाब और छत्तीसगढ़ को पांच-पांच करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता हस्तांतरित की है। मुख्यमंत्री ने कहा, हम स्थिति पर नजर रखते रहेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जरूरतमंद हर परिवार तक मदद पहुंचे तथा जब भी और जहां भी मदद की जरूरत होगी, हम लोगों के साथ खड़े रहेंगे।
