पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर एक वार्षिक योजना के तहत 16.4 लाख निर्माण श्रमिकों के खातों में लगभग 802 करोड़ रुपए अंतरित करने की घोषणा की। राज्य सरकार इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना का वेब पोर्टल की शुरूआत करेगी। संयोग से आज ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन भी है। मोदी बुधवार को 75 साल के हो गए। बिहार में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट में कहा, आज विश्वकर्मा पूजा है, जो इस सृष्टि के दिव्य शिल्पकार माने जाते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का जन्मदिन भी है। वह देश और जनता के उत्थान के लिए पूरी निष्ठा के साथ बिना रुके, बिना थके लगातार कार्य कर रहे हैं। नीतीश कुमार ने कहा, यह सुखद संयोग है कि आज बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत प्रत्एक श्रमिकों के खातों में पांच हजार रुपए की सहायता राशि भी हस्तांतरित की जा रही है। उन्होंने बताया कि वार्षिक वस्त्र सहायता योजना के तहत लगभग 802.46 करोड़ रुपए की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से श्रमिकों के खाते में भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, हम शुरुआत से ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोडऩे के लिए काम करते रहे हैं। हमारे श्रमिक भाई-बहनों का योगदान राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अमूल्य है। सरकार उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
