श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को गुलमर्ग के पर्यटन स्थल पर एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन किया। यह पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं एवं उद्यमों के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में उठाया गया कदम है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा, मुख्यमंत्री ने आज गुलमर्ग में कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन किया। यह अत्याधुनिक सुविधा पर्यटन को प्रोत्साहित करेगी, एमआईसीई (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंसेज, एग्ज़िबिशंस) गतिविधियों को बढ़ावा देगी और स्थानीय युवाओं तथा व्यवसायों के लिए नए अवसर पैदा करेगी। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कन्वेंशन सेंटर गुलमर्ग को एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में और अधिक सशक्त करेगा।
