भुवनेश्वर।  बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से सोमवार को ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी सोमवार को दी। एक बुलेटिन में कहा गया है कि ऊपरी वायु क्षेत्र में बने चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से सुबह के समय उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव क्षेत्र बन गया। इसके अनुसार, 25 सितंबर के आसपास पूर्व-मध्य और उससे सटी उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक और निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से ओडिशा में 27 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। बुलेटिन में कहा गया है कि 21 से 25 सितंबर तक ओडिशा तट व उत्तरी बंगाल की खाड़ी के आसपास 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने के साथ तूफानी मौसम बना रह सकता है। इसमें कहा गया है कि क्योंझर और मयूरभंज जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, बिजली कड़कने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। आईएमडी ने दोनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुलेटिन में यह भी कहा गया है कि 22 सितंबर को पूरे ओडिशा में बारिश होने की संभावना है।