मुंबई। महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के एक गांव में भारी बारिश के कारण कई लोग बाढ़ के पानी में फंस गए, जिसके बाद उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने अधिकारियों को उन्हें निकालने का निर्देश दिया। पवार के कार्यालय की ओर से सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया कि भारी बारिश के कारण परांदा तालुका के साखत गांव में बाढ़ आ गई, जिससे क्षेत्र का संपर्क टूट गया और कम से कम 12 लोग फंस गए। उपमुख्यमंत्री पवार ने जिलाधिकारी (धाराशिव) कीर्ति किरण पुजार से टेलीफोन पर बातचीत में निर्देश दिया कि फंसे हुए लोगों को तुरंत निकाला जाए और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। पवार ने यह भी आदेश दिया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम घटनास्थल पर तैनात की जाए और जरूरत पडऩे पर हेलीकॉप्टर से सहायता की व्यवस्था की जाए। राज्य में बारिश की समग्र स्थिति का जायजा लेते हुए, पवार ने कहा कि सरकार भारी बारिश से प्रभावित कई जिलों की स्थिति पर नजर रख रही है।उन्होंने जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन एजेंसियों और स्थानीय निकायों को सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों से लोगों को समय पर निकालने का निर्देश दिया।पवार ने कहा कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) के दल राहत और बचाव कार्यों के लिए तैयार रहें। उन्होंने आश्वासन दिया, राज्य सरकार इस संकट के दौरान नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है। किसानों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
