जम्मू। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को कठुआ जिले के बाढ़ प्रभावित गांवों का हवाई सर्वेक्षण किया और बाद में उन लोगों से बातचीत की जिनके घर प्राकृतिक आपदा में नष्ट हो गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता की और उन्हें प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कठुआ जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद अब्दुल्ला ने बिलावर के डुग्गैन गांव के निवासियों से बातचीत की, जिनके घर हाल में आई बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गए थे बाद में मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई। पोस्ट में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और प्रशासन को प्रभावितों को आवश्यक राहत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
