ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को मेक इन इंडिया पहल से होने वाले बदलावों के प्रभाव की सराहना की और देश को वैश्विक पहुंच वाले स्वदेशी विनिर्माण केंद्र में परिवर्तित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण को श्रेय दिया। खांडू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, भारत की रक्षा शक्ति अब मेड इन इंडिया है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दृष्टिकोण की बदौलत हमने स्वदेशी रक्षा विनिर्माण को वैश्विक सफलता की कहानी में बदल दिया है।ै उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस कार्यक्रम ने देश की सामरिक क्षमताओं को मजबूत किया है। उपमुख्यमंत्री चौना मेन ने भी कहा कि किस प्रकार इस पहल ने पिछले दशक में भारत के विकास पथ को नया आकार दिया है। मेन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, महज एक दशक से भी कम समय में मेक इन इंडिया ने देश की विकास गाथा को नई परिभाषा दी है, चुनौतियों को मील के पत्थर में और निर्भरता को दबदबे में बदल दिया है। उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए, मेन ने बताया कि इस पहल ने रक्षा क्षेत्र को आयात निर्भरता के बजाय निर्यातक बना दिया है, विनिर्माण के क्षेत्र में दो से बढ़ाकर 300 से ज्यादा मोबाइल फैक्टरी हो गई हैं, भारत को अपनी सेमीकंडक्टर चिप बनाने में सक्षम बनाया है और 749 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित किया है, जबकि 10 वर्षों में सकल घरेलू उत्पाद दोगुना हो गया है। उन्होंने आगे कहा, भारत सिर्फ निर्माण ही नहीं कर रहा, बल्कि सृजन, नवाचार और नेतृत्व भी कर रहा है। यह आत्मनिर्भर भारत का क्रियान्वयन है। मेक इन इंडिया अभियान 25 सितंबर, 2014 को शुरू किया गया। यह अभियान भारत की आर्थिक नीति का केंद्र रहा है, जो रक्षा और ऑटोमोबाइल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स और अक्षय ऊर्जा तक, 25 प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित है।
