बेंगलुरु। कर्नाटक पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के अलग-अलग मामलों में दो विदेशी नागरिकों सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है और हालिया अभियानों में उनके पास से 9.93 करोड़ रुपए मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ए गिरफ्तारियां पिछले 10 दिनों में बेंगलुरु पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) की मादक पदार्थ निरोधक शाखा ने की हैं। पुलिस ने 3.858 किलोग्राम एमडीएमए क्रिस्टल, एक्स्टसी की 41 ग्राम गोलियां, 1.82 किलोग्राम हाइड्रो गांजा, छह किलोग्राम गांजा, कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल की गई एक कार और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने पत्रकारों से कहा कि सीसीबी की मादक पदार्थ निरोधक शाखा ने पांच मामलों में दो विदेशी नागरिकों सहित सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा, कुल 9.93 करोड़ रुपए मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिनमें से एमडीएमए और एक्स्टसी की गोलियों की अनुमानित कीमत 7.80 करोड़ रुपए है।ै सिंह ने बताया कि एक मामले में, डाकघर में विदेश से कूरियर सेवा के माध्यम से लाया जा रहा हाइड्रो गांजा भी जब्त किया गया।
