गाजियाबाद। अनाधिकृत कालोनियों,अवैध निर्माणों पर प्रभावी कार्यवाही हेतु गाजियाबाद विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष अतुल वत्स के दिशा निर्देशों के क्रम में शनिवार को दूसरे दिन भी प्रवर्तन जोन 1 के प्रभारी के नेतृत्व में राजनगर एक्सटेंशन के अंतर्गत फुटपाथ एवं सडकों के भाग पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। वीवीआईपी मॉल के निकट पुन: बड़ी कार्रवाई की गई। पहले दिन वीवीआईपी मॉल के निकट कुछ हिस्से से ही अतिक्रमण हटा पाया था, अवशेष अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान चेतावनी दी गई कि पुन: फुटपाथ एवं सडकों के भाग को अतिक्रमण किया गया तो प्राधिकरण के द्वारा कड़ी कार्यवाही अमल मे लाई जायेगी। केडीपी गोल चक्कर और 24,30 और 45 मीटर चौड़ी सडकों पर किए गए अतिक्रमण को भी वृहद रूप से हटाया गया। राजनगर रेजीडेंसी के निकट संचालित शराब की दुकान को कार्रवाई के दौरान सील किया गया था, पुन: निरीक्षण के दौरान पाया गया की सील हटा दी गई है, सील से छेडछाड़ के मामले में पुलिस में तहरीर दिये जाने हेतु निर्देशित किया गया हैै। इसी के साथ चेतावनी दी गई कि दो दिन के भीतर समान को खुद से हटा लिया जाए, अन्यथा ध्वस्तीकरण की कार्यवाही मे हुए नुकसान की जिम्मेदारी आपकी होगी। मोरटी गांव के निकट पुन:धर्म कांटा लगाया जा रहा था, उसे हटवा दिया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों के द्वारा विरोध किया गया, लेकिन पुलिस के सहयोग से कार्यवाही को अंजाम दिया गया। इस दौरान थाना और प्राधिकरण पुलिस के अलावा तमाम प्राधिकरण का स्टाफ  मौके पर उपस्थित रहा।