अमरावती। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि सरकार पुलिस विभाग को मजबूत करेगी और पुलिसकर्मियों के परिवारों की देखभाल करेगी। पुलिस स्मृति दिवस पर मंगलागिरि में छठी बटालियन में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पुलिस को सुरक्षा प्रदान करेगी और उनका सम्मान सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले 16 महीनों में पुलिस स्वास्थ्य देखभाल में 33 करोड़ रुपए खर्च किए गए और 171 दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को बीमे के 23 करोड़ रुपए दिए गए। इसी प्रकार तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख ने वादा किया कि सरकार पुलिसकर्मियों की समय पर पदोन्नति के लिए कार्वाई करेगी, साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि 6,100 आरक्षियों की भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।  उन्होंने कहा, पुलिस को मजबूत किया जाएगा। यह सरकार पुलिस का सम्मान बढ़ाने, उन्हें सुरक्षा प्रदान करने और उनके परिवारों की देखभाल करने की जिम्मेदारी लेगी।   नायडू ने कहा कि सुरक्षा और शांति स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल आंध्र प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण हैं। पुलिस से प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी रहने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों को अपराध करने से रोका जाना चाहिए।  नायडू ने कहा कि चूंकि अपराध की प्रकृति बदल रही है इसलिए उन्हें रोकने के लिए पुलिस को और अधिक तैयार होना चाहिए।  नायडू ने उनसे सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन, फोन सिग्नल और अन्य तकनीकी सुविधाओं का व्यापक रूप से उपयोग करने का आह्वान किया।  इसके अलावा नायडू ने सोशल मीडिया को सबसे बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि गैर-जिम्मेदाराना सोशल मीडिया पोस्ट से कई लोग आहत हो रहे हैं।  मुख्यमंत्री के अनुसार, यदि समाज में टकराव (या अशांति) होगी तो निवेश नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि निवेशक सुरक्षा चाहते हैं।  उन्होंने कहा कि इस विश्वास के साथ कि उनके निवेश में कोई समस्या नहीं आएगी, गूगल ने विशाखापत्तनम में 15 अरब डॉलर का निवेश करने के लिए पहल की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 192 पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी के दौरान जान गंवाई है।  नायडू ने कहा, मैं हमेशा पुलिस का सम्मान करता हूं क्योंकि वे लोगों की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देते हैं। आप केवल नौकरी नहीं कर रहे हैं बल्कि निस्वार्थ सेवा कर रहे हैं।ै