नगांव (असम)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार आगामी विधानसभा सत्र में लव जिहाद और बहुविवाह जैसे मुद्दों पर कई विधेयक पेश करेगी। यह सत्र अगले महीने होने की संभावना है। शर्मा ने यहां एक आधिकारिक समारोह के इतर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राज्य मंत्रिमंडल द्वारा मसौदा विधेयक को मंजूरी मिलने के बाद विवरण साझा किया जाएगा। उन्होंने कहा, असम विधानसभा के आगामी सत्र में हम लव जिहाद , बहुविवाह, सत्रों (वैष्णव मठ) के संरक्षण और चाय के बागानों में काम करने वाली जनजातियों को भूमि अधिकार जैसे मुद्दों पर कुछ महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक विधेयक पेश करेंगे। शर्मा ने कोई और ब्यौरा दिए बिना कहा, जब कैबिनेट इसे मंजूरी दे देगी तो हम आपको विस्तृत जानकारी दे सकेंगे।
