ठाणे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयासों की बुधवार को निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। दीपावली समारोह के दौरान शिंदे ने ठाणे में संवाददाताओं से कहा कि संघ की हमेशा मजबूत राष्ट्रवादी साख और सार्वजनिक सेवा के प्रति कटिबद्धता रही है। शिंदे ने कहा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक कट्टर देशभक्त और राष्ट्रवादी संगठन है। जब भी देश संकट में होता है, आरएसएस हमेशा मदद के लिए आगे आता है। शिवसेना प्रमुख की यह टिप्पणी ऐसे वक्त आई है, जब कुछ दिन पहले कर्नाटक सरकार ने सड़कों पर पथ-संचलन और सार्वजनिक स्थानों तथा सरकारी परिसरों में कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में आरएसएस की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नियम लाने का फैसला किया है। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने कहा था कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। शिंदे ने कहा कि संघ के कार्य को प्रतिबंधित करने के प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय हैं। महाराष्ट्र में आगामी नगर निकाय चुनावों के बारे में शिंदे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति चुनाव जीतेगा। भाजपा और शिंदे की शिवसेना के अलावा, इस गठबंधन में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा भी सहयोगी है। उन्होंने कहा, हमने लोकसभा चुनाव जीता और विधानसभा चुनाव में भी भारी बहुमत हासिल किया। स्थानीय निकाय चुनावों में भी महायुति का भगवा झंडा बुलंद रहेगा।
