श्रीनगर। बडगाम उपचुनाव के लिए प्रचार करते हुए विपक्षी दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर पिछले साल विधानसभा चुनाव जीतने के बाद इस निर्वाचन क्षेत्र का परित्याग कर देने का आरोप लगाया। बडगाम में पीडीपी उम्मीदवार आगा सैयद मुंतजिर मेहदी के लिए एक जनसभा में मुफ्ती ने कहा, विधानसभा चुनावों से पहले, उन्होंने (उमर) कहा था कि वह उस सीट को बरकरार रखेंगे जहां उन्हें अधिक वोट मिलेंगे। हालांकि, यहां से अधिक वोट मिलने के बाद भी उन्होंने बडगाम का परित्याग कर दिया। बडगाम विधानसभा क्षेत्र में 11 नवंबर को उपचुनाव होना है। यह सीट अब्दुल्ला ने खाली की थी, जिन्होंने दो निर्वाचन क्षेत्रों से जीतने के बाद गांदरबल सीट बरकरार रखने का फैसला किया था। इस बार 17 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें नेशनल कॉन्फ्रेंस के आगा सैयद महमूद भी शामिल हैं। उन्होंने पूछा, पिछले एक साल में वह (अब्दुल्ला) इस निर्वाचन क्षेत्र का दौरा करने कितनी बार आए? मैं यह नहीं कह रही कि वह एक साल में सबकुछ कर सकते थे, लेकिन जब वह अपना वादा नहीं निभाते, तो आप उस नेता या पार्टी पर कैसे भरोसा कर सकते हैं? पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बडगाम के लोगों ने पिछले 50 साल से नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवारों को वोट दिया है, और अब समय आ गया है कि वे एक विकल्प को मौका दें।
