गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने सोमवार को तमाम अनुभागीय अधिकारियों के साथ ’हरनंदीपुरम योजना’ की भूमिक्रय करने की प्रक्रिया की समीक्षा की। इस दौरान भूमि क्रय करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के दिशा निर्देश दिए गए। ओएसडी प्रथम को निर्देशित किया कि फील्ड में उतरे और किसानों से सीधा संवाद करें। इस दौरान उन्होंने साफ किया कि किसानों से भूमि क्रय करने की प्रक्रिया के बीच थर्ड पार्टी हस्तक्षेप न हो। उन्होंने ये भी निर्देशित किया कि हेल्प लाइन नंबर भी जारी किया जाए ताकि किसानों के किसी तरह के सवाल अथवा जिज्ञासा हो तो उन्हे सीधा उचित जानकारी मिल सके। बैठक के दौरान प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने अधीनस्थ अधिकारियों को ’पहल पोर्टल’ को अधिक सार्थक बनाने के लिए तमाम स्कीमों के आवंटियों को लेटर भेजे जाए और प्राधिकरण में उपलब्ध रिकार्ड अथवा मोबाइल नंबर आदि का उल्लेख किया जाए ताकि जिन आवंटियों के प्राधिकरण रिकार्ड में मोबाइल नंबर आदि का उल्लेख नहीं है वह एक बार प्राधिकरण में आकर रिकार्ड को अपडेट करा सकें ताकि घर बैठे उन्हें सेवाएं उपलब्ध करायी जा सकें। बैठक में प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने तमाम नोडल एवं प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि तमाम योजनाओं का एक-एक ले आउट लेकर प्रोपर्टी को पहल पोर्टल पर अपलोड कराया जाए। उल्लेखनीय है कि पहल पोर्टल प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लांच किया गया था। इसके बाद से पहल पोर्टल नित्य नए मुकाम हासिल कर रहा है।
