हैदराबाद। भीषण चक्रवाती तूफान मोंथा के प्रभाव से बुधवार को तेलंगाना के विभिन्न जिलों में बारिश हुई। तूफान मोंथा रात भर में पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया। तेलंगाना में वारंगल, यदाद्री भुवनगिरि, महबूबाबाद, सूर्यापेट, नलगोंडा जिलों में भारी बारिश हुई, साथ ही हैदराबाद में भी बारिश हुई। तेलंगाना डेवलपमेंट प्लानिंग सोसाइटी ने कहा कि वारंगल के कालेदा और यदाद्री भुवनगिरी के अद्दागुदुर में सुबह 8.30 बजे से 11 बजे के दौरान 91 मिमी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम केंद्र ने बुधवार सुबह 10 बजे से 30 अक्टूबर सुबह 8.30 बजे तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें जनगांव, हनुमाकोंडा और वारंगल जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज, बिजली और तेज हवाओं (40-50 किलोमीटर प्रति घंटे) के साथ भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। रेड अलर्ट 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश का संकेत देता है इसी अवधि के दौरान आदिलाबाद, मंचेरियल, निर्मल, जगतियाल, करीमनगर, पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोठागुडेम, खम्मम, महबूबाबाद और सिद्दीपेट जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तूफान, बिजली और तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटे) के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने बारिश के मद्देनजर खम्मम, भद्राद्री कोठागुडेम और महबूबाबाद जिलों में बुधवार को सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया। दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) के एक अधिकारी ने बताया कि महबूबाबाद जिले के दोर्नाकल रेलवे स्टेशन पर पटरियों पर जलभराव की सूचना मिली है, जिसके बाद स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों को रोक दिया गया। एससीआर का मुख्यालय सिकंदराबाद है। मोंथा तूफान काकीनाडा के दक्षिण में पश्चिम गोदावरी जिले के नरसापुर के पास आंध्र प्रदेश तट को पार कर गया।