गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र की सभी सडक़ों को गड्ढा मुक्त करने का कार्य तेजी से प्रारंभ कर दिया गया है। हाल ही में हुई बरसात के दौरान क्षेत्र की कई सडक़ों के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों पर तत्परता दिखाते हुए प्राधिकरण के डिवीजन अनुभाग द्वारा क्षेत्र की प्रमुख सडक़ों केडब्ल्यू सृष्टि रोड, आशियाना चौक से ऑफिसर्स सिटी तक की 45 मीटर रोड, पिपलेश्वर मंदिर से अग्रवाल हाइट रोड, तथा अन्य 24, 30 और 45 मीटर चौड़ी सडक़ों पर गड्ढा मरम्मत एवं डिवाइडर सुधार कार्य शुरू कर दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, आगामी 3 से 4 दिनों के भीतर सभी सडक़ों को पूर्ण रूप से गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा। इसके साथ ही जहां-जहां आवश्यकता होगी,वहां डिवाइडरों की मरम्मत और पेंटिंग कार्य भी कराया जा रहा है। गड्ढा मुक्त सडक़ों से न केवल आवागमन में सुगमता बढ़ेगी बल्कि जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। यह निर्णय क्षेत्र के नागरिकों एवं निजी विकासकर्ताओं द्वारा किए जा रहे अनुरोध को देखते हुए लिया गया है।गाजियाबाद विकास प्राधिकरण नागरिक सुविधाओं के प्रति संवेदनशील एवं तत्पर है तथा प्रत्येक क्षेत्र में सडक़ नाली और जनसुविधाओं के रखरखाव को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।
