पटना। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता नीतीश कुमार ने शनिवार को राज्य के लोगों से एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को वोट देने की अपील की। उन्होंने साथ ही कहा कि अब बिहारी होना गर्व की बात है और राज्य के समग्र विकास के लिए राजग सरकार का बने रहना जरूरी है।जद(यू) की ओर से सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी एक वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने परिवार के लिए कभी कुछ नहीं किया और बिहार के विकास को ही हमेशा प्राथमिकता दी है। कुमार ने कहा कि नवंबर 2005 में उनकी सरकार के गठन के बाद से राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा, लोग जानते हैं कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति क्या थी। हमने सत्ता में आने के बाद कानून-व्यवस्था की बहाली को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी और राज्य में कानून का राज स्थापित किया। आज बिहारी होना राज्यवासियों के लिए गर्व की बात है। नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं, हिंदुओं, मुसलमानों, सवर्णों, दलितों, पिछड़े वर्गों और समाज के कमजोर तबकों के सशक्तीकरण के लिए अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, आप लोग 2005 से मुझे सेवा का अवसर देते आ रहे हैं। हमने बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए कई कदम उठाए हैं और ए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य और केंद्र में राजग की सरकार रहने से बिहार ने तीव्र विकास किया है। उन्होंने कहा, यह क्रम जारी रहना चाहिए, इसलिए आप सब राजग को एक और मौका दें ताकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सहयोग से डबल इंजन की सरकार विकास के कार्यों को आगे बढ़ा सके। उन्होंने कहा कि यदि राजग की सरकार फिर से सत्ता में आई तो राज्य में विकास की गति और तेज होगी। नीतीश ने कहा, मैंने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया राज्य के विकास को ही हमेशा प्राथमिकता दी है। मैं आप सबसे आग्रह करता हूं कि राजग उम्मीदवारों को वोट दें और हमें एक बार फिर सेवा का अवसर दें ताकि बिहार को विकसित बिहार बनाकर देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जा सके। बिहार विधानसभा की कुल 243 सीट के लिए दो चरणों में छह और 11 नवंबर को मतदान होगा तथा मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।
