नई दिल्ली। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और राज्य भर में कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए रेलवे नेटवर्क के और विस्तार की मांग की। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यहां हुई 25 मिनट की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री से असम के लिए तीन नई अमृत भारत ट्रेन शुरू करने का अनुरोध किया। उन्होंने असम के दीमा हसाओ जिले के दर्शनीय उमरंगसो शहर को होजई जिले के लंका से जोडऩे वाले एक नए रेल नेटवर्क के निर्माण का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री शर्मा ने असम के कोकराझार और भूटान के गेलेफू के बीच प्रस्तावित रेलवे लाइन को जल्द पूरा कराने की भी मांग की, जिसका उद्देश्य सीमा पार कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। इसके अलावा, उन्होंने स्थानीय यात्रियों को लाभ पहुंचाने के लिए असम से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेन के और अधिक स्टेशनों पर ठहरने की अपील की। शर्मा ने कहा कि रेल मंत्री ने बैठक के दौरान उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
