लखनऊ ।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और कहा कि सरकार सभी प्रदेशवासियों की सुरक्षा और सम्मान को बरकरार रखने के लिए संकल्पित है।  राज्य सरकार द्वारा यहां जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों के पास खुद पहुंचे, उनकी समस्याएं सुनीं और अफसरों को निर्देश दिया कि निश्चित समयावधि में उचित निस्तारण कराएं और पीडि़तों से प्रतिक्रिया लें।  बयान के अनुसार, जनता दर्शन कार्यक्रम में 60 से अधिक पीड़ितों ने एक-एक कर अपनी समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। फरियादियों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर प्रदेशवासियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संकल्पित है। जनता दर्शन के दौरान कई पीड़ितों ने पुलिस कार्वाई पर असंतोष जताया। पीड़ितों ने चोरी की घटना के खुलासे के बाद भी लूटा गया सामान वापस नहीं दिए जाने पर असन्तुष्टि जताई। साथ ही जमीन कब्जे की भी शिकायत मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई। मुख्यमंत्री ने जांच कराकर कार्वाई के निर्देश दिए। बयान के मुताबिक, एक पीड़ित ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सिर्फ अस्पताल से इलाज में होने वाले खर्च का आकलन पत्र (एस्टीमेट) बनवाकर भेजें। धन के अभाव में किसी पीड़ित का इलाज नहीं रुकेगा। सरकार हर जरूरतमंद के इलाज के लिए पहले दिन से ही खड़ी है।