पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और विपक्षी महागठबंधन गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने मंगलवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुए रिकॉर्ड मतदान ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य की जनता अब जुमलेबाजी नहीं, परिणाम चाहती है। तेजस्वी ने दूसरे चरण के मतदान के दिन सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक विस्तृत पोस्ट में लिखा, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने बिहार की जनता को अब तक केवल आश्वासन, नारे, बयानबाजी और खोखले वादे ही दिए हैं। जनता अब इन्हें एक क्षण के लिए भी बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है।  उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन ने पिछले कुछ वर्षों में बिहार के लिए एक समावेशी विकास नीति तैयार की है, जो हर वर्ग, जाति, धर्म और समुदाय को साथ लेकर चलने वाली है। तेजस्वी ने लिखा, नता ने राजग की उन सभी गंदी चालों को नाकाम कर दिया है, जिनका मकसद उन्हें गुमराह करना था।  उन्होंने कहा, मेरा सपना वही है जो आपका है। आपका दर्द मेरा दर्द है। हमारे लक्ष्य एक हैं, जिन्हें बिहार का बाहरी व्यक्ति कभी समझ नहीं सकता।  राजद नेता ने कहा, पहले से ही बहुत देर हो चुकी है, बीस साल में हम विकास नहीं कर पाए, बीस साल में सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे पाई, बिहारवासियों को अपराध मुक्त वातावरण नहीं दे पाई, अच्छी शिक्षा, अच्छे अस्पताल, अच्छा इलाज नहीं दे पाई। किसान को बाढ़ से मुक्ति नहीं मिली, व्यापारी को घाटे से मुक्ति नहीं मिली और हर घर को महंगाई से मुक्ति नहीं मिली।