अगरतला। त्रिपुरा के उनाकोटी जिले के कैलाशहर नगर में डेंगू के 46 नए मामले सामने आए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, इन 46 रोगियों में से 13 फिलहाल अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। कैलाशहर उपमंडलीय अस्पताल के डॉक्टर रोहन पॉल ने कहा, कैलाशहर की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि राज्य के अन्य क्षेत्रों की तुलना में कैलाशहर नगर में डेंगू के मामले अधिक दर्ज होते हैं, क्योंकि यहां मच्छर जनित रोग के परीक्षण पूरे वर्ष किए जाते हैं। डॉ. पॉल ने चिंता जताई कि कई लोग बिना चिकित्सकीय परामर्श के स्वयं दवा लेना शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा, हम लोगों को सलाह दे रहे हैं कि वे उपमंडलीय अस्पताल या नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जाकर डेंगू की जांच करवाएं। बिना जांच के दवा लेना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। उन्होंने बताया कि डेंगू का प्रसार एडीज मच्छर के माध्यम से होता है, जो ठहरे हुए पानी में पनपता है। उन्होंने कहा लोग यह सुनिश्चित करें कि उनके घर या कार्यस्थल के आसपास पानी न रुका हो ताकि मच्छरों का प्रजनन न हो। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए जन-जागरूकता अभियान तेज कर दिए हैं और निगरानी बढ़ा दी है।
