गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि 10 रोहिंग्याओं समेत 16 घुसपैठियों को राज्य से वापस खदेड़ दिया गया। मुख्यमंत्री ने सीमाओं की सुरक्षा के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में हॉलीवुड फिल्म का संदर्भ देते हुए कहा, मिशन इम्पॉसिबल के दृश्यों की तरह एक और अभियान के दौरान छह बांग्लादेशी नागरिकों और 10 रोहिंग्याओं को गेट 39 से देर रात साढ़े 12 बजे वापस भेज दिया गया। उन्होंने कहा, असम की सीमाएं सुरक्षित हैं, हमारी टीम सतर्क है..। हालांकि, शर्मा ने यह नहीं बताया कि घुसपैठियों को किस जिले से वापस खदेड़ा गया। राज्य सरकार बांग्लादेश से आने वाले अवैध प्रवासियों के खिलाफ कड़ी कार्वाई कर रही है और असम में पड़ोसी देश से लगी सीमा से उन्हें वापस खदेड़ रही है।
