बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शुक्रवार को दावा किया कि बिहार में भी वोट चोरी हुई है, जहां विधानसभा चुनावों के लिए जारी मतगणना में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बहुमत के आंकड़े को पार करता दिखाई दे रहा है। बहरहाल, उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक कांग्रेस-राजद गठबंधन की हार और राजग के बहुमत की ओर बढऩे के कारणों की जानकारी नहीं मिली है। बिहार में महागठबंधन को मिली हार के बारे में पूछे गए एक सवाल पर सिद्धरमैया ने संवाददाताओं से कहा, हमें लोगों के जनादेश को स्वीकार करना होगा। मुझे नहीं पता कि हार का कारण क्या है। मैं वहां (बिहार) नहीं गया था। मुझे नहीं पता कि किसने (हमें) वोट नहीं दिया, राजग ने इतने बड़े बहुमत से जीत क्यों हासिल की। मैं जानने की कोशिश करूंगा। यह पूछे जाने पर कि बिहार में ओबीसी वोट निर्णायक होने के बावजूद मतदाता कांग्रेस पार्टी का समर्थन नहीं कर रहे हैं, इस पर उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता। नीतीश कुमार कौन हैं? क्या वह ओबीसी नहीं हैं? बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, उन्होंने वहां भी चोरी की है।। हालांकि, उन्होंने कोई ब्यौरा नहीं दिया।
