गंगटोक।  अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सिक्किम के अपने समकक्ष प्रेम सिंह तमांग से शनिवार को उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस संबंध में एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि खांडू ने तमांग के स्वास्थ्य की जानकारी ली, जो कुछ दिन पहले स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। बृहस्पतिवार को नाक से खून आने और रक्त शर्करा के स्तर में वृद्धि के कारण तमांग को सेंट्रल रेफरल हॉस्पिटल (सीआरएच) में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया और शुक्रवार दोपहर तक उन्हें निगरानी में रखा गया। बाद में उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार देखा गया। तमांग ने अरुणाचल के मुख्यमंत्री के प्रति अपना आभार जताया।  खांडू पूर्वाेत्तर क्षेत्र के लिए 13वें अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट (आईटीएम) में भाग लेने के लिए यहां आए थे। उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर तमांग से मुलाकात की। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जारी अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट की भी सराहना की, जिसे उन्होंने पूर्वाेत्तर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन बताया। उन्होंने सिक्किम के लोगों के गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए भी आभार व्यक्त किया।