कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार की टेलीमेडिसिन सेवाओं ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है और इसकी स्वास्थ्य इंगित पहल के तहत परामर्शों की संख्या सात करोड़ को पार कर गई है। बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवाओं ने एक और उपलब्धि हासिल की है। दूर-दराज के इलाकों को टेलीमेडिसिन के जरिए उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं से जोडऩे वाली पश्चिम बंगाल सरकार की एक अनूठी पहल, स्वास्थ्य इंगित ने आज सात करोड़ परामर्शों का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों को राज्यभर में स्वास्थ्य केंद्रों और चिकित्सकों के विशाल नेटवर्क से जोडऩे में अहम भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, यह पहल 11,000 से ज्यादा स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों और 63 उच्च स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से प्रतिदिन टेली-परामर्श प्रदान करती है। यह 9000 से ज़्यादा चिकित्सकों के साथ प्रतिदिन 80,000 से ज़्यादा परामर्शों को सक्षम बनाती है, जिससे पश्चिम बंगाल में किफायती और सुलभ स्वास्थ्य सेवा में बदलाव आ रहा है।
