नई दिल्ली। दिल्ली की साकेत, द्वारका और पटियाला हाउस अदालतों के साथ-साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा संचालित दो स्कूलों में मंगलवार सुबह बम रखे होने की धमकी दी गई, जिसके बाद राष्ट्रीय राजधानी में बड़े पैमाने पर सुरक्षा जांच की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि एक आतंकवादी मॉड्यूल के नाम से भेजे गए ईमेल में दावा किया गया था कि अदालत परिसर में सुबह-सुबह विस्फोटक लगा दिए गए हैं, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया।जिला अदालत परिसरों की तलाशी के लिए बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते और स्थानीय थाने के अधिकारियों की कई टीम भेजी गईं।पुलिस सूत्र ने बताया, अबतक जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि जिस ईमेल से यह संदेश प्राप्त हुआ था, उसके बारे में जानकारी जुटाने के लिए उस पर निगरानी रखी जा रही है। सुबह एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को कॉल कर बताया कि प्रशांत विहार और द्वारका स्थित सीआरपीएफ स्कूलों में बम रखे गए हैं और उसे पुलिस की मदद की जरूरत है। इस मामले में भी खतरे के कारण ऐसी ही प्रतिक्रिया हुई और टीम को घटनास्थल पर भेजा गया तथा स्कूलों को खाली कराया गया। दिल्ली अग्निश्मन सेवा के एक अधिकारी ने बताया, हमने स्कूलों का गहन निरीक्षण किया और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। धमकी को अफवाह घोषित कर दिया गया। प्रशांत विहार स्कूल में शाम को वार्षिक समारोह का आयोजन था।
