इंदौर (मध्यप्रदेश)। मौजूदा वित्त वर्ष के शुरुआती सात महीनों के दौरान दवा इकाइयों के ऑर्डर बढऩे से इंदौर के विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) का निर्यात 32 प्रतिशत की छलांग के साथ 8,127.67 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि अलग-अलग उत्पादों के कारखानों वाले इंदौर एसईजेड से जारी वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर तक 8,127.67 करोड़ रुपए का निर्यात किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में इस विशेष आर्थिक क्षेत्र के जरिए अप्रैल से अक्टूबर तक 6,157.11 करोड़ रुपए का निर्यात किया गया था। अधिकारी ने बताया, इंदौर एसईजेड से होने वाले निर्यात में करीब 70 प्रतिशत भागीदारी दवाओं की रहती है और अमेरिका इन दवाओं के शीर्ष आयातकों में शुमार है। उन्होंने बताया कि पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में 572 हेक्टेयर में फैले इंदौर एसईजेड में दवा, पैकेजिंग सामग्री, इंजीनियरिंग, वस्त्र निर्माण और खाद्य प्रसंस्करण समेत अलग-अलग क्षेत्रों के 59 संयंत्र चल रहे हैं। इनमें से 22 इकाइयां अकेले दवा क्षेत्र की हैं।
