लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के अन्य नेताओं ने बुधवार को संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश वासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, संविधान दिवस की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। न्याय, समता और बंधुता भारत के संविधान की मूल भावना हैं।  उन्होंने कहा, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की अद्भुत दृष्टि, प्रखर विचार और अथक परिश्रम से निर्मित हमारा संविधान विश्व के सबसे सशक्त लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान, राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति का आधार होने के साथ ही हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर भी प्रदान करता है। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने एक्स पर कहा, आज देश संविधान दिवस मना रहा है और इस खास मौके पर भारतीय संविधान के मूल निर्माता व बहुजन समाज के मसीहा परम पूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी को मैं पूरे तहेदिल से शत-शत नमन करती हूं।  उन्होंने कहा, उम्मीद करती हूं कि केन्द्र व राज्य सरकारें संविधान दिवस मनाने के साथ-साथ संविधान के समतामूलक, मानवतावादी व कल्याणकारी उद्देश्यों पर ईमानदारी एंव निष्ठा से अमल करके जनता की अपेक्षाओं को जरूर पूरा करेंगी, यही समय की मांग है। जय भीम, जय भारत व जय संविधान।   संविधान दिवस 26 नवंबर, 1949 को भारतीय संविधान को आधिकारिक रूप से अपनाए जाने के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। भारत सरकार ने 2015 में हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने की घोषणा की थी।