चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बास्केटबॉल कोर्ट में जंग लगे लोहे के खंभे के गिरने से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और एक अन्य किशोर की मौत की घटना के बात बृहस्पतिवार को सभी खेल परिसरों के बुनियादी ढांचे की पूरी तरह से जांच का आदेश दिया एक आधिकारिक बयान के अनुसार सैनी ने गहरी संवेदना व्यक्त की और दोनों युवा खिलाडिय़ों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपए की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने भी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे असुरक्षित खेल परिसरों के उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक सुनिश्चित करें। हरियाणा में बास्केटबॉल कोर्ट में लगे लोहे के खंभे गिरने की घटनाओं में दो किशोर बास्केटबॉल खिलाडय़िों की मौत हो गई। राष्ट्रीय सब-जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले हार्दिक राठी (16) की मंगलवार को रोहतक में मौत हो गई, वहीं बहादुरगढ़ में घायल हुए 15 वर्षीय अमन ने पीजीआईएमएस रोहतक में उपचार के दौरान सोमवार रात दम तोड़ दिया था। इन दोहरी त्रासदियों ने राज्य में खेल परिसरों की खराब हालत बयान की है। इन घटनाओं के बाद आक्रोश फैल गया, विपक्षी दलों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की वहीं पीड़ित परिवारों ने जर्जर खेल परिसरों के लिए प्रशासन को दोषी ठहराया। मुख्यमंत्री ने सभी खेल परिसरों की पूरी तरह से जांच का आदेश दिया है। बयान में कहा गया कि खिलाडिय़ों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और खेल विभाग को मरम्मत और रखरखाव को मजबूत करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त और स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति अस्वीकार्य है।
