ईटानगर।  अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शुक्रवार को तवांग में भाजपा के पंचायत चुनाव अभियान की शुरुआत की और लोगों से विकासपरक, जवाबदेह और उज्ज्वल भविष्य वाले उम्मीदवारों का समर्थन करके जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने का आग्रह किया। खांडू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि अभियान की शुरुआत वंदे मातरम के जोशीले उद्घोष और मां भारती को भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ हुई, और उत्साही पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं एवं युवाओं ने भारत माता की जयउ के नारे लगाए। उन्होंने एक चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद एक्स पर एक पोस्ट में कहा, तवांग के लोग आज भारी संख्या में आए, न केवल भाग लेने के लिए, बल्कि भाजपा के साथ मजबूती से खड़े होने के लिए भी।  मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है और जमीनी स्तर पर इसकी गहरी पैठ है, इसलिए राज्य के पास अब लोगों की नियति बदलने का ऐतिहासिक अवसर है। ईटानगर और पासीघाट में पंचायत चुनाव और नगरपालिका चुनाव 15 दिसंबर को एक साथ होंगे। राज्य में 27 जिला परिषद हैं, जिनमें 245 निर्वाचन क्षेत्र हैं और 2,103 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें 8,181 निर्वाचन क्षेत्र हैं।  ईटानगर नगर निगम (आईएमसी) में 20 वार्ड हैं, जबकि पासीघाट नगर परिषद (पीएमसी) में आठ वार्ड हैं। कुल 8,31,648 पात्र मतदाता हैं, जिनमें पंचायत चुनावों के लिए 7,59,210 और नगरपालिका चुनावों के लिए 72,438 मतदाता शामिल हैं।