चेन्नई। तमिलनाडु में चक्रवात दित्वा के प्रभाव से हुई बारिश से जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है। प्रदेश सरकार के एक मंत्री ने रविवार को यह जानकारी दी। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री के के एस एस आर रामचंद्रन ने कहा कि तटवर्ती जिलों में 149 मवेशियों की मौत हो गई और 57,000 हेक्टेयर खेती कृषि भूमि पर असर पड़ा है। उन्होंने राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा, कल शाम से बारिश से जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई है। तूतीकोरिन और तंजावुर में दीवार गिरने से दो-दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मयिलादुथुराई में करंट लगने से 20 साल के एक लड़के की मौत हो गई। तटीय जिलों में कृषि भूमि पर हुए असर का ब्योरा देते हुए मंत्री ने कहा कि नागापट्टिनम में 24,000 हेक्टेयर, तिरुवरुर में 15,000 हेक्टेयर और मयिलादुथुराई में 8,000 हेक्टेयर जमीन पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा, भारी बारिश के कारण कुल 57,000 हेक्टेयर खेती की जमीन जलमग्न है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि तटीय जिलों में लगभग 234 झोपडय़िों को नुकसान हुआ है।
