लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को सत्तारूढ़ दल पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपाई आस्था सिर्फ दिखावटी और चुनावी है। सपा प्रमुख ने मथुरा में संकर्षण कुंड की बदहाली से जुड़ी खबर को एक्स पर साझा करते हुए कहा, कहते हैं जहां स्वच्छता होती है, वहां ईश्वर का वास होता है लेकिन भाजपा सरकार ने आस्था के प्रतीकों की उपेक्षा करके उन्हें गंदगी के अंबार के बीच उपेक्षित-अपमानित होने के लिए छोड़ दिया है।  यादव ने कहा, दक्षिण भारत के दर्जनों पुजारियों ने वैराग्य और त्याग की प्रतिमूर्ति परम श्रद्धेय संत श्रीमन्नारायण चिन्ना जीयर स्वामीजी की अध्यक्षता में 2018 में गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर ब्रज के सबसे विशाल विग्रह संकर्षण (दाऊजी) भगवान की विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा की थी, उन्हें डबल इंजन सरकार ने पिछले सात सालों में प्रदूषित पोखर में अपमानित करके छोड़ दिया है।  उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपाई आस्था सिर्फ दिखावटी और चुनावी है। सपा प्रमुख ने कहा, भगवान दाऊजी के मान-सम्मान का संरक्षण और संवर्द्धन हो, यही हमारी मांग है।  यादव ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में जनता को संबोधित करते हुए कहा, प्रिय लखनऊ व उत्तर प्रदेश वासियों, सावधानउ  उन्होंने कहा, भाजपा सरकार पैसे के लालच में लखनऊ के हरित-हृदय जनेश्वर मिश्र पार्क को अपनी इंवेटबाजी से दूर रखे। लखनऊ के नागरिकों का स्वच्छ हवा और हरियाली पर पूरा अधिकार है। हम सबको मिलकर एक नागरिक आंदोलन की तरह इसका पुरजोर विरोध करना चाहिए, यदि हम अकेले ए करेंगे तो इसे राजनीतिक आंदोलन घोषित करके भाजपा सरकार अपना उल्लू सीधा कर लेगी।  यादव ने कहा, इसीलिए हमारी हर लखनऊवासी, हर पर्यावरण प्रेमी-कार्यकर्ता, पार्कों का सदुपयोग करने वाले हर बुजुर्ग, हर परिवार वाले और अपने स्वास्थ्य को लेकर सजग युवाओं से अपील है कि वे आगे आएं और लखनऊ की हरियाली को बचाएं। उन्होंने दावा किया कि दरअसल ए तो भाजपा और उनके सहयोगियों के लालच की शुरुआत है।