कोहिमा। नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने सभी हितधारकों से नगा राजनीतिक मुद्दे का सम्मानजनक, स्वीकार्य और समावेशी समाधान शीघ्र निकालने का सोमवार को आग्रह किया। यहां सचिवालय प्लाजा में 63वें राज्य स्थापना दिवस समारोह के दौरान रियो ने दोहराया कि राज्य सरकार शीघ्र समाधान के लिए दृढ़ता से प्रयास कर रही है और उन्होंने 23 अगस्त के उंगमा वक्तव्य का समर्थन करने वाले राजनीतिक मामलों की समिति के हालिया प्रस्ताव पर प्रकाश डाला। उन्होंने नगा राजनीतिक समूहों, भारत सरकार और जनजातीय निकायों से एक साझा आधार पर एकजुट होने तथा राजनीतिक स्तर पर बातचीत फिर से शुरू करने की अपील की। पूर्वी नगालैंड मुद्दे पर रियो ने कहा कि राज्य सरकार ने सीमांत नगालैंड क्षेत्र के लिए समझौता ज्ञापन के मसौदे पर अपनी टिप्पणियां गृह मंत्रालय को सौंप दी हैं तथा शीघ्र समाधान की आशा व्यक्त की है।  मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सोमवार शाम से शुरू होने जा रहे 26वें हॉर्नबिल महोत्सव में छह साझेदार देशों - ऑस्ट्रिया, माल्टा, स्विट्जरलैंड, आयरलैंड, फ्रांस और ब्रिटेन - की अब तक की सबसे बड़ी सूची प्रदर्शित की जाएगी तथा अरुणाचल प्रदेश राज्य साझेदार के रूप में शामिल होगा। रियो ने युवा और खेल अवसंरचना, अनेक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और नवाचार पहलों का उद्घाटन, उच्च और तकनीकी शिक्षा में उन्नयन, व्यापार और उद्योग सुधार, नई संपर्क परियोजनाएं तथा स्वास्थ्य क्षेत्र समेत विभिन्न क्षेत्रों में प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। रियो ने कहा, इस राज्य स्थापना दिवस पर, आइए हम एक समृद्ध, समावेशी और टिकाऊ भविष्य के निर्माण के लिए मिलकर काम करें।  समारोह की शुरुआत सशस्त्र और गैर-सशस्त्र बलों तथा ग्राम रक्षकों की 10 टुकडय़िों द्वारा मार्च-पास्ट में भाग लेने के साथ हुई।इस कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय द्वारा आयोजित दशकों में नगालैंड की यात्रा शीर्षक से एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी शामिल था।