लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में पहुंचे हर व्यक्ति से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि आप सभी निश्चिंत होकर घर जाइए, हर समस्या का उचित समाधान किया जाएगा। जनता दर्शन में 42 लोग अपनी परेशानी लेकर पहुंचे। इसमें से पांच लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाते हुए मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपा। इस पर मुख्यमंत्री ने अस्पताल से इलाज का खर्च जानने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, सरकार पहले ही दिन से चिकित्सा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। धन के अभाव में किसी का भी इलाज प्रभावित नहीं होगा। सरकार प्रदेश में हर जरूरतमंद के इलाज के वास्ते आवश्यक आर्थिक सहायता देने के लिए सदैव तत्पर है। जनता दर्शन में लोग अवैध कब्जे आदि की शिकायत लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी का प्रार्थना पत्र स्वीकार किया और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटान करने का निर्देश दिया।
