लातेहार (झारखंड)। झारखंड के लातेहार जिले में हाथियों के झुंड द्वारा कुचले जाने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि रविवार रात बालूमठ थाना क्षेत्र के अंतर्गत भैंसादोन गांव में आर्यन लोहरा के शौच के लिए अपने घर से बाहर जाते समय यह घटना हुई। बालूमठ के रेंजर नंद कुमार मेहता ने कहा, रविवार रात व्यक्ति शौच के लिए बाहर निकला था, 10-12 हाथियों का एक झुंड उस इलाके से गुजर रहा था। अंधेरे के कारण वह व्यक्ति हाथियों को देख नहीं सका और हाथियों ने उसे कुचल दिया।  उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन को तत्काल 40 हजार रुपए की राहत राशि दी गई और शेष मुआवजा कुछ औपचारिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद प्रदान किया जाएगा। झारखंड में हाथी के हमले से मौत होने पर परिजनों को चार लाख रुपए का मुआवजा दिया जाता है। मेहता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बालूमठ थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। ग्रामीणों ने इस घटना पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने वन विभाग से हाथियों के झुंड को गांव से दूर भगाने और इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए एक स्थाई समाधान निकालने की मांग की है।