गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने अभियंत्रण अनुभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान अभियंत्रण अनुभाग द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी,पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि किसी भी नए कार्य की शुरुआत से पूर्व एस्टिमेट तैयार करने की प्रक्रिया को सरल एवं त्वरित बनाने के लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर विकसित किया जाए,जिससे एस्टिमेट तैयार करने में अनावश्यक विलंब न हो। इसके साथ ही उन्होंने वर्क मॉनिटरिंग के लिए एक समर्पित पोर्टल तैयार किए जाने के निर्देश भी दिए। टेंडर स्वीकृति की प्रक्रिया में समय की बचत एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए टेंडर से संबंधित समस्त कार्यवाही को इ-ऑफिस प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि अवर अभियंता स्तर से एस्टिमेट समयबद्ध रूप से प्रस्तुत किया जाए। यदि किसी अवर अभियंता द्वारा एस्टिमेट तैयार करने में अनावश्यक देरी की जाती है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे कार्य से हटाया जाएगा। उपाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी कार्य को प्रारंभ करने से पूर्व स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित की जाए तथा उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। कार्य में विलंब की स्थिति में संबंधित ठेकेदार एजेंसी पर नियमानुसार जुर्माना लगाए जाने की कार्यवाही की जाएगी।
