गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित प्रसिद्ध थावे मंदिर से बृहस्पतिवार तड़के देवी की प्रतिमा का स्वर्ण मुकुट कथित तौर पर चोरी हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों को मंदिर से देवी प्रतिमा का स्वर्ण मुकुट लेकर भागते हुए देखा गया है। चोरी हुआ मुकुट लगभग 500 ग्राम वजनी बताया जा रहा है। गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अवधेश दीक्षित ने पीटीआई-भाषा को बताया, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  उन्होंने कहा, यह गंभीर चिंता का विषय है कि मंदिर परिसर में पुलिस चौकी होने के बावजूद यह घटना हुई। उस समय वहां तैनात पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे, इसकी भी जांच की जाएगी।  एसपी ने कहा कि यदि पुलिसकर्मियों की ओर से ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो उनके खिलाफ कड़ी कार्वाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि यह मंदिर देवी दुर्गा को समर्पित है, जिन्हें स्थानीय लोग थावे वाली माता के नाम से पूजते हैं।