गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने सोमवार को प्राधिकरण सभागार में चयनित कंसल्टेंट द्वारा आयोजित बैठक के दौरान कहा कि दिल्ली सीमा से लगा उत्तर प्रदेश का प्रमुख प्रवेश द्वार गाजियाबाद आने वाले समय में व्यापक और सकारात्मक शहरी परिवर्तन का साक्षी बनेगा। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा शहर के विकास को दीर्घकालिक दृष्टि से आगे बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध एवं चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उपाध्यक्ष ने कहा कि प्राधिकरण का मुख्य फोकस एक सुदृढ़ लैंड बैंक विकसित करने पर है, ताकि भविष्य की आवासीय, व्यावसायिक एवं आधारभूत आवश्यकताओं को समय रहते पूरा किया जा सके। इसी क्रम में प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी हरनंदीपुरम टाउनशिप योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जो गाजियाबाद के विकास में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी। उन्होंने जानकारी दी कि इस टाउनशिप के लिए कुल लगभग 535 हेक्टेयर भूमि का विकास प्रस्तावित है, जिसे दो चरणों में पूर्ण किया जाएगा। प्रथम चरण में लगभग 336 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित है, जिसमें से अब तक 55 हेक्टेयर भूमि का बैनामा प्राधिकरण के पक्ष में संपन्न हो चुका है, जबकि 115 हेक्टेयर भूमि पर किसानों से सहमति बन चुकी है। भूमि क्रय की प्रक्रिया को और अधिक गति देने के उद्देश्य से सेवानिवृत्त अधिकारियों की सेवाएं लेने का निर्णय लिया गया है। किसानों से संवाद को सरल, पारदर्शी एवं विश्वासपूर्ण बनाने के लिए एक समर्पित वेबसाइट भी लॉन्च की गई है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शीघ्र ही 100 से 120 हेक्टेयर भूमि के बैनामे पूर्ण हो जाएंगे। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि चयनित कंसल्टेंट द्वारा इन्सेप्शन रिपोर्ट प्राधिकरण को प्रस्तुत कर दी गई है तथा आज की बैठक में हरनंदीपुरम टाउनशिप की डिटेल प्लानिंग पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया। इस प्रेजेंटेशन में टाउनशिप के समग्र विकास की परिकल्पना प्रस्तुत की गई, जिसमें सुव्यवस्थित आवासीय क्षेत्र, व्यावसायिक गतिविधियों के लिए समर्पित जोन, सामाजिक एवं शैक्षणिक सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, हरित क्षेत्र, पार्क, ओपन स्पेस, आधुनिक सडक़ नेटवर्क तथा सुचारु ट्रैफिक प्रबंधन जैसे सभी महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया है।उन्होंने यह भी बताया कि बैठक के दौरान टाउनशिप प्लानिंग से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के अनुरूप फीडबैक, सुझाव एवं तकनीकी दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, ताकि योजना को अधिक व्यवहारिक संतुलित एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाया जा सके। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह टाउनशिप केवल एक आवासीय योजना नहीं होगी, बल्कि इसे एक समग्र, आधुनिक एवं आत्मनिर्भर शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
