तुमकुरु (कर्नाटक)। तुमकुरु के एक जंगल में पिछले दो दिन में दो लंगूर और नौ बंदर मृत पाए गए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, तुमकुरु तालुक के देवरायणदुर्गादुर्गादहल्ली जंगल में 200 से 500 मीटर के दायरे में नौ बंदर और दो लंगूर मृत मिले। मामले सामने आने के बाद वन अधिकारी शुक्रवार शाम मौके पर पहुंचे थे और शनिवार सुबह फिर और भी बंदर मृत पाए गए। वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृत बंदरों और लंगूरों का पोस्टमार्टम कराया गया है और शुरुआती निष्कर्षों में खाद्य विषाक्तता का संदेह है क्योंकि जानवरों की ग्रासनली और आंतों में चावल पाया गया है। उन्होंने बताया कि जानवरों के मुंह और गर्दन का रंग नीला हो गया था, जिससे जहर से मौत की आशंका और बढ़ गई है। यह विषाक्तता संभवत: सड़े हुए बचे-खुचे भोजन के सेवन से हुई होगी। हालांकि, अधिकारियों ने किसी बीमारी के तत्काल संकेत से इनकार करते हुए कहा कि मौत का सटीक कारण प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। अधिकारी ने बताया कि आंतरिक अंगों के नमूने विस्तृत जांच के लिए बेंगलुरु की एक प्रयोगशाला और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजे गए हैं और रिपोर्ट जल्द मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर अग्रिम कार्वाई की जाएगी। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।