कोलकाता। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने शुक्रवार को कहा कि वह राज्य की जनता के लिए काम करते रहेंगे और कोई भी ताकत उन्हें ऐसा करने से नहीं रोक सकती। बृहस्पतिवार रात जान से मारने की धमकी भरा ईमेल मिलने का उल्लेख करते हुए बोस ने कहा कि यह बंगाल की जनता के लिए मेरी लड़ाई को रोकने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले भी ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। बोस ने कहा कि वह बिना सुरक्षा गार्डों के भी कोलकाता की सड़कों पर उतरेंगे और बंगाल की जनता उनकी रक्षा करेगी। उन्होंने कहा, इस तरह की धमकियां मुझे बंगाल की जनता के लिए काम करने से नहीं रोक सकतीं। बंगाल मेरा घर है, मैं बंगाल का बेटा हूं। इस धरती के लिए जान देने से मुझे डर नहीं लगता। उन्होंने कहा, यह पहली बार नहीं है जब मुझे जान से मारने की धमकी मिली है। पिछले साल मुर्शिदाबाद दौरे के दौरान किसी ने मुझे एक देसी बम थमा दिया था। मेरे सहायक ने तुरंत उसे लेकर पानी से भरे टब में डाल दिया। वह बिल्कुल बाल बाल बचने वाली स्थिति थी। इसी महीने अपना 75वां जन्मदिन मनाने वाले राज्यपाल ने कहा कि यह धमकी संभवत: राज्य की जनता की पीड़ा से जुड़े मुद्दों पर उनके मुखर रुख से जुड़ी हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि बोस को बृहस्पतिवार रात जान से मारने की धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।उन्होंने कहा कि ईमेल भेजने वाले ने राज्यपाल को विस्फोट से मार डालने की धमकी दी थी और उसने ईमेल में अपना मोबाइल नंबर भी लिखा था।उन्होंने बताया कि बोस को जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है, अब लगभग 60-70 केंद्रीय बल उनकी सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं। लोक भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्वाई करते हुए कोलकाता के पास सॉल्ट लेक इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
