मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दो हजार रुपए के नोट वापस लेने के दो साल बाद भी 6,266 करोड़ रुपए मूल्य के नोट अभी भी चलन हैं। आरबीआई के आंकड़ों से यह जानकारी मिली। दो हजार रुपए के बैंक नोट वैध मुद्रा बने हुए हैं। आरबीआई ने 19 मई, 2023 को 2,000 रुपए मूल्य के बैंक नोट को चलन से हटाने की घोषणा की थी। आरबीआई ने शुक्रवार को बयान में कहा कि तीस अप्रैल, 2025 की स्थिति के अनुसार वर्तमान में दो हजार रुपए के कुल 6,266 करोड़ रुपए मूल्य के नोट चलन में हैं। उन्नीस मई, 2023 की स्थिति के अनुसार, उस समय चलन में 2,000 रुपए के बैंक नोट का कुल मूल्य 3.56 लाख करोड़ रुपए था।
केंद्रीय बैंक ने कहा, इस प्रकार, 19 मई, 2023 तक चलन में मौजूद 2,000 रुपए के 98.24 प्रतिशत बैंक नोट वापस आ गए हैं। दो हजार रुपए के बैंक नोट को जमा करने या बदलने की सुविधा सात अक्टूबर, 2023 तक देश की सभी बैंक शाखाओं में उपलब्ध थी। चलन से हटाए गए 2,000 रुपए के बैंक नोट को बदलने की सुविधा 19 मई, 2023 से रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है। आरबीआई के निर्गम कार्यालय नौ अक्टूबर, 2023 से लोगों और इकाइयों से उनके बैंक खातों में जमा करने के लिए भी 2,000 रुपए के बैंक नोट स्वीकार कर रहे हैं। इसके अलावा, लोग देश के भीतर भारतीय डाक से भी 2,000 रुपए के नोट आरबीआई के किसी भी निर्गम कार्यालय में भेज सकते हैं। यह पैसा उनके बैंक खाते में जमा हो जाता है।
और भी पढ़ें
- अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026: एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
- मॉर्फिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
- असम में 6,347 तृतीय श्रेणी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित
- भारत - यूरोपीय संघ के व्यापार मंत्रियों ने अधिकारियों को एफटीए वार्ता में तेजी लाने का निर्देश दिया
