नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (पीएफसी) का जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत बढ़कर 8,357.88 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी का पिछले वर्ष की इसी तिमाही में शुद्ध लाभ 7,556.43 करोड़ रुपए रहा था। पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 29,285.45 करोड़ रुपए हो गई और ब्याज आय बढ़कर 28,676.15 करोड़ रुपए हो गई। 

पूरे वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 30,514.40 करोड़ रुपए और कुल आय बढ़कर।,06,598.70 करोड़ रुपए हो गई। कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 10 रुपए के अंकित मूल्य के चुकता इक्विटी शेयर पर 2.05 रुपए प्रति शेयर (टीडीएस की कटौती के अधीन) के अंतिम लाभांश की सिफारिश की, जो आगामी वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों के अनुमोदन के अधीन है। 

यह वित्त वर्ष 2024-25 के लिए पहले से घोषित और वर्ष के दौरान चार किस्तों में भुगतान किए गए 13.75 रुपए प्रति शेयर (टीडीएस की कटौती के अधीन) के अंतरिम लाभांश के अतिरिक्त है। अंतिम लाभांश, यदि घोषित किया जाता है तो आगामी बैठक में अनुमोदन की तारीख से 30 दिन की वैधानिक अवधि के भीतर इसका भुगतान किया जाएगा। कंपनी के निदेशक मंडल की 21 मई, 2025 को हुई बैठक में की गई सिफारिश के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अंतिम लाभांश के भुगतान के लिए सदस्यों की पात्रता का पता लगाने के उद्देश्य से रिकॉर्ड तिथि शुक्रवार 13 जून, 2025 तय की गई है।