नई दिल्ली। सोने की कीमतों के जुझारू रुख और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच मई के दौरान गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में 292 करोड़ रुपए का शुद्ध प्रवाह देखा गया। नवीनतम आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई है। गोल्ड ईटीएफ ऐसा निवेश साधन हैं जो भौतिक सोने का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन इन्हें कागज या डीमैट (इलेक्ट्रॉनिक) रूप में रखा जाता है। म्यूचुअल फंड उद्योग के निकाय एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) की तरफ से जारी मई माह के आंकड़ों से पता चलता है कि दो महीने तक निकासी का सिलसिला कायम रहने के बाद मई में गोल्ड ईटीएफ में शुद्ध प्रवाह देखा गया। इस वजह से गोल्ड ईटीएफ श्रेणी में प्रबंधन-अधीन संपत्तियां बढ़कर 62,453 करोड़ रुपए हो गईं, जो अप्रैल में 61,422 करोड़ रुपए थी।
आंकड़ों के मुताबिक, गोल्ड ईटीएफ में पिछले महीने 292 करोड़ रुपए का शुद्ध प्रवाह देखा गया, जबकि अप्रैल में छह करोड़ रुपए और मार्च में 77 करोड़ रुपए की निकासी देखने को मिली थी। मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया में वरिष्ठ विश्लेषक एवं शोध प्रबंधक नेहल मेश्राम ने कहा, मई में नए सिरे से हुई वृद्धि गोल्ड ईटीएफ को लेकर निवेशकों की दिलचस्पी बढऩे का संकेत देती है। ऐसा संभवत: सोने की जुझारू कीमतों और लगातार जारी वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण है।
और भी पढ़ें
- अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026: एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
- मॉर्फिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
- असम में 6,347 तृतीय श्रेणी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित
- भारत - यूरोपीय संघ के व्यापार मंत्रियों ने अधिकारियों को एफटीए वार्ता में तेजी लाने का निर्देश दिया
ऐसे समय में रणनीतिक निवेश के तौर पर सोने की मजबूत अपील बनी हुई है। जर्मिनेट इन्वेस्टर सर्विसेज के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संतोष जोसफ ने कहा कि निवेशक अब अपने पोर्टफोलियो के हिस्से के रूप में सोने की जरूरत महसूस कर रहे हैं और इसीलिए उन्होंने गोल्ड ईटीएफ की तरफ अपना रुख करना शुरू कर दिया है। हालांकि, ईटीएफ में निवेश अब भी वर्ष 2025 की शुरुआत में देखे गए स्तर तक नहीं पहुंचा है लेकिन रुझान सोने में रुचि की क्रमिक और सोची-समझी वापसी का संकेत देते हैं। गोल्ड ईटीएफ के खातों की संख्या अप्रैल में 71.45 लाख से बढ़कर मई में 73.69 लाख हो गई। यह सोने से संबंधित कोषों के प्रति निवेशकों के बढ़ते झुकाव को दर्शाता है।
