नई दिल्ली। नई जीएसटी दरों के बारे में जल्द से जल्द स्पष्ट तस्वीर सामने आने से लग्जरी कार खंड सहित पूरे वाहन उद्योग को चालू तिमाही के दौरान अच्छा कारोबार करने में मदद मिलेगी। लग्जरी कार विनिर्माताओं ने यह उम्मीद जताई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता वाली जीएसटी परिषद 3-4 सितंबर को दो स्तरीय कराधान व्यवस्था लागू करने पर चर्चा करेगी। बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष और सीईओ हरदीप सिंह बरार ने पीटीआई-भाषा से कहा कि जीएसटी दरों में बदलाव को लेकर हालिया अटकलों ने उपभोक्ताओं के मन में अनिश्चितता पैदा कर दी है।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की रुचि और मांग मजबूत है, लेकिन उन्होंने (संभावित खरीदारों ने) इंतजार करने का रुख अपनाया है, और इस देरी का असर वाहनों की बिक्री पर पड़ रहा है। बरार ने कहा, गति को वापस लाने और इस तिमाही के दौरान आर्थिक वृद्धि में ऑटो क्षेत्र का योगदान मजबूत बनाए रखने के लिए जीएसटी दरों पर स्पष्टता लाना जरूरी है।
और भी पढ़ें
- अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026: एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
- मॉर्फिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
- असम में 6,347 तृतीय श्रेणी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित
- भारत - यूरोपीय संघ के व्यापार मंत्रियों ने अधिकारियों को एफटीए वार्ता में तेजी लाने का निर्देश दिया
ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि लग्जरी कार निर्माता कंपनी त्योहारी सत्र में स्थिर गति और सकारात्मक नजरिए के साथ प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा, सितंबर के पहले सप्ताह में जीएसटी पर स्पष्टीकरण आने की उम्मीद है, जिसके बाद उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ेगा और हमारी सभी उत्पाद श्रृंखलाओं में मांग बढ़ेगी। ढिल्लों ने कहा कि एक रोमांचक उत्पाद पोर्टफोलियो और मजबूत ग्राहक जुड़ाव के साथ उसे इस त्योहारी अवधि में निरंतर वृद्धि का भरोसा है।
मर्सिडीज-बेंज इंडिया के प्रबंध निदेशक और सीईओ संतोष अय्यर ने कहा कि त्योहारी मौसम का ग्राहकों को बेसब्री से इंतजार रहता है और कंपनी अगले हफ्ते ग्राहकों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए एक एकीकृत अभियान शुरू करेगी। इक्रा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और समूह प्रमुख (कॉर्पाेरेट रेटिंग) जितिन मक्कड़ ने कहा कि इस साल त्योहारी सत्र में बिक्री मध्य-एकल अंकों में बढऩे की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उच्च अमेरिकी शुल्क के चलते प्रतिकूल परिस्थितियों से कारोबारी धारणा प्रभावित होने की आशंका है।
