नई दिल्ली। आईपी यूनिवर्सिटी के द्वारका कैंपस में 22 अप्रैल को अर्थ डे मनाया गया। इसका आयोजन यूनिवर्सिटी के दो स्कूल- यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ़ एनवायरनमेंट और यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ़ केमिकल टेक्नोलॉजी- के एनएसएस सेल के छात्रों द्वारा किया गया। दोनों स्कूल के एनएसएस सेल के तक़रीबन 100 छात्रों ने इस अवसर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। क्विज़ मैनिया के पहले दौर में 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें से 11 प्रतिभागी दूसरे दौर में पहुंचे। तीन विजेताओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। विजेताओं के नाम हैं प्राची गौर, अंकिता गौर और ख्याति। ट्रेजर हंट में 12 टीमों ने सुरागों का पालन करके और पहेलियों को हल करके प्रतिस्पर्धा की। तीन टीमों ने जीत हासिल की। विजेता टीमों के नाम हैं फास्ट एंड क्यूरियस, इको चैंप्स और सनराइजेज़ जामनापार।

इस अवसर पर छात्रों ने अर्थ को लोगों के रहने के लिए और सुंदर बनाने  के लिए पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन प्रो. वरुण जोशी, एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक, डॉ. नीतू रानी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, यूएसईएम और डॉ. विनीता, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, यूएससीटी के मार्गदर्शन में किया गया।