सियोल। ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई और भारत-दक्षिण कोरिया आतंकवाद रोधी सहयोग को मजबूत बनाने से जुड़े कार्यक्रमों के तहत भारतीय सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल रविवार को सियोल में भारतीय दूतावास पहुंचा। जनता दल (यूनाइटेड) के राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल शनिवार को यहां पहुंचा।
यहां भारतीय दूतावास ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने राजदूत अमित कुमार की ब्रीफिंग में भाग लिया। झा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कोरिया गणराज्य में भारत के राजदूत अमित कुमार के साथ हमारी एक सार्थक बैठक हुई, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित किया गया। उन्होंने इससे पहले एक्स पर एक और संदेश में कहा कि वह भारत-दक्षिण कोरिया के आतंकवाद-रोधी सहयोग को मजबूत बनाने के लिए सर्वदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सियोल आकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
और भी पढ़ें
- अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026: एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
- मॉर्फिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
- असम में 6,347 तृतीय श्रेणी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित
- भारत - यूरोपीय संघ के व्यापार मंत्रियों ने अधिकारियों को एफटीए वार्ता में तेजी लाने का निर्देश दिया
भारतीय दूतावास के अनुसार, यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल कोरिया गणराज्य के विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, नेशनल असेंबली के गणमान्य सदस्यों, प्रमुख थिंक टैंक और मीडिया के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेगा। दूतावास ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 26 मई तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान सभी प्रकार के आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने का भारत का रुख सामने रखा जाएगा।
भारत ने पाकिस्तान की साजिशों और आतंकवाद को लेकर अपना दृष्टिकोण अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने रखने के लिए सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल बनाए हैं। दक्षिण कोरिया आया यह प्रतिनिधिमंडल भी इन प्रतिनिधिमंडलों में शामिल है। ए प्रतिनिधिमंडल दुनिया के 33 देशों की राजधानी का दौरा करेंगे। झा के अलावा, प्रतिनिधिमंडल में सांसद अपराजिता सारंगी, अभिषेक बनर्जी, बृजलाल, जॉन ब्रिटास, प्रदान बरुआ, हेमांग जोशी, पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद और फ्रांस व बहरीन में भारत के राजदूत रहे मोहन कुमार शामिल हैं।
